टनकपुर (चंपावत)। शारदा नदी के कटाव से शारदा चुंगी कॉलोनी पर एक बार फिर खतरा मंडराने लगा है। कॉलोनी की ओर कटाव रोकने के लिए लगाए वायरक्रेट बुधवार रात अचानक नदी में ढह गए, जिससे कॉलोनी की ओर तेजी से कटाव होने लगा है। कॉलोनी के लोगों ने एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल को ज्ञापन सौंपकर बचाव कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को महिला नेत्री मीना सागर के नेतृत्व में तहसील पहुंचे लोगों ने कहा है कि वे पिछले दो सालों से कॉलोनी के सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठा रहे हैं मगर शासन-प्रशासन कोई कदम नहीं उठ रहा। नदी की धारा की ठोकर सीधे कॉलोनी की तरफ पड़ रही है। वहां राजेंद्र कुमार, अशोक, पवन, बबलू, सलीम, शकुंतला, प्रीति कश्यप, रामपाल, सुमन, राजकुमार, आकाश, शुभम कापड़ी, वीरपाल, आकाश, सत्यवती शामिल थे। इधर सिंचाई विभाग के एई आरके यादव ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर कटाव स्थल में वायरक्रेट डालने का काम शुरू कर दिया गया है।
एसडीएम ने किया कटाव स्थल का निरीक्षण
टनकपुर। शारदा चुंगी कॉलोनी की ओर शारदा से कटाव की सूचना के बाद एसडीएम अनिल सिंह गर्ब्याल ने बुधवार रात ही कटाव स्थल का निरीक्षण कर सिंचाई विभाग को सुरक्षा उपाय करने के निर्देश जारी किए। एसडीएम ने कटाव स्थल पर पर्याप्त तेजी के साथ वायरक्रेट डालने को कहा है।