चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्थित धौन, पत्थरमौन आदि कई ग्रामीण क्षेत्रों में 11 अगस्त से बिजली नहीं है। बत्ती गुल होने से इस क्षेत्र के लोगों को मोबाइल चार्जिंग की तो दिक्कत हो रही है, यहां का मोबाइल टावर भी काम नहीं करने से काफी बड़े हिस्से में मोबाइल सिग्रल गायब है।
धौन के पूर्व ग्राम प्रधान जगदीश भट्ट ने बताया कि क्षेत्र में शनिवार रात से गुल बिजली चार दिन बाद भी सुचारू नहीं हो सकी है। बिजली बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच के बंद होने से कई बार ये ग्रामीण क्षेत्र अलग-थलग भी हो रहे हैं, इसके बावजूद यहां की बिजली आपूर्ति सुचारू करने को लेकर कोई सुध नहीं ली जा रही है। बत्ती गुल होने से न केवल रात अंधेरे में कट रही है, बल्कि मोबाइल चार्जिंग भी नहीं हो पा रही है। साथ ही धौन का मोबाइल टावर भी बिना बिजली अधिकांश वक्त बंद रह रहा है। लीलाधर शर्मा, आनंद बल्लभ भट्ट, नवीन उप्रेती, प्रेम बल्लभ भट्ट आदि ने तुरंत बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
इधर, ऊर्जा निगम के चंपावत के कनिष्ठ अभियंता आरसी पंत ने बताया कि आपदा के चलते यहां कई स्थानों पर पोल और तार टूटे हैं। साथ ही ट्रांसफार्मर में भी खामी आ गई है। खामियों को दूर कर जल्द से जल्द आपूर्ति को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।