लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट विकासखंड के खीड़ी पोखरी में एक स्कूल से जंगली बिल्ली का बच्चा बरामद हुआ। काफी देर तक ग्रामीण इसे तेंदुआ समझते रहे। वन विभाग ने बच्चे का इलाज करवाकर देखरेख के लिए वन विभाग कार्यालय लोहाघाट में रखा।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल खीड़ी पोखरी में सोमवार को स्वच्छता अभियान के तहत जारी सफाई कार्य हो रहा था। इस दौरान उन्हें झाड़ियों में घायलावस्था में एक जंगली बिल्ली का शावक मिला, जिसे तेंदुए का बच्चा समझकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी।
प्रधानाचार्य जगदीश जोशी की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी दीपक जोशी के नेतृत्व में बिल्ली को लोहाघाट पशु अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. डीके चंद ने उसका इलाज किया। रेंजर जोशी ने बताया कि यह जंगली बिल्ली का नवजात बच्चा है, जिसकी उम्र करीब पांच दिन होगी। सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग कार्यालय में रखा गया है।