चंपावत। जिले के 319 तोकों के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा। इलेक्ट्रानिक वैक्सीन इंटलीजेंस नेटवर्क (ईवीआईएन) के तहत जिले में बनाए गए सभी आठ कोल्डचैन प्वांइटों (टीके रखने का स्थान) के माध्यम से सभी तोकों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन निगरानी हो सकेगी। इन आठ कोल्ड चैन प्वाइंटों में विभिन्न प्रकार के टीकों का भंडारण किया जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रश्मि पंत के अनुसार जिले के सभी 319 तोकों को ऑनलाइन किए जाने के लिए यूनाईटेड नेलियन डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (यूएनडीपी) की तरफ से सभी कोल्ड चैन प्वाइंटों का आंकड़ा लिया जा चुका है। आने वाले दिनों में कोल्ड चैन प्वाइंटों पर नियुक्त कोल्ड चैन हैंडलरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिसमें उन्हें बच्चों और गर्भवती महिलाओं टीकों के ऑनलाइन रखरखाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनका कहना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने से विभिन्न विकासखंडों में टीकों की उपलब्धता की स्थिति के बारे में पता चल जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकों के भंडारण के लिए जिले के चारों विकासखंडों में आठ स्थानों पर कोल्ड चैन प्वाइंट स्थापित किए गए हैं।
हर दिन होगी टीकों के स्टाक की जानकारी अपग्रेड
चंपावत। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.रश्मि पंत के अनुसार यूएनडीपी की ओर से तोकों का विवरण ऑनलाइन किए जाने से टीकों का बेहतर रखरखाव तो हो ही सकेगा। साथ ही उपलब्ध टीकों के स्टाक की जानकारी को प्रतिदिन अपग्रेड किया जाएगा। जिससे आने वाले समय में किसी भी प्रकार के टीकों की कमी न हो सके।
सीमांत मंच में जल्द अस्तित्व में आएगा डिलीवरी सेंटर
चंपावत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सीमांत मंच अस्पताल में महिलाओं के प्रसव के लिए डिलीवरी सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर डिलीवरी सेंटर खोलने के लिए हरी झंडी दे दी है। सीएमओ डॉ.एमएस बोरा ने एक माह के भीतर मंच अस्पताल में सुविधाएं दुरुस्त करने के साथ ही महिला चिकित्सक की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं।