चंपावत। सेवायोजन विभाग की ओर से जीआईसी खेतीखान में एक दिनी शिविर आयोजित कर छात्राओं को कॅरिअर काउंसिलिंग की जानकारी दी गई। जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा स्वरोजगारपरक योजनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य के बेरोजगार अभ्यर्थियों का सेवायोजन कार्यालय में पंजीयन कराना आवश्यक है। इसके लिए अभ्यर्थी कार्यालय अवधि में स्थायी प्रमाण पत्र तथा सभी शैक्षिक योग्यता के अंक पत्र तथा प्रमाण पत्रों सहित स्वयं उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा बेरोजगार अभ्यर्थी अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र में भी अपना पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें भी छात्रों के मार्गदर्शन के लिए सेवायोजन कार्यालय में उपलब्ध है। जिसका लाभ बेरोजगार अभ्यर्थी उठा सकते हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य गोकुल चंद्र जोशी ने छात्रों को अपने करिअॅर के प्रति जागरूक रहने को कहा। इस दौरान खजान पाठक, धीरज सिंह चौहान, दिवाकर भट्ट ने भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया।