लोहाघाट/पाटी (चंपावत)। खेतीखान के जिला सहकारी बैंक में हुए गोलीकांड के एक माह बाद सोमवार को बैंक का संचालन शुरू हो गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। बैंक में शाखा प्रबंधक, सहायक कैशियर और अनुसेवक की तैनाती कर दी गई है।
विशेष पूजा-पाठ, शुद्धि, के साथ सोमवार को खेतीखान जिला सहकारी बैंक का पुन: संचालन किया गया। करीब छह लोगों ने लेन देन किया। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के महाप्रबंधक राम अवध, उप महाप्रबंधक एमएस भंडारी की देखरेख में काम शुरू हुआ। खेतीखान शाखा में संजय कुमार को नए शाखा प्रबंधक के रूप में तैनात किया गया, जबकि सहायक कैशियर के पद पर धीरज मौनी और चपरासी पद पर ललित मोहन सक्टा की नियुक्ति की गई है। महाप्रबंधक अवध का कहना था कि पिछले 16 मार्च को बैंक के गार्ड दिनेश बोहरा द्वारा कैशियर ललित बिष्ट, चपरासी राजेंद्र लाल वर्मा की गोली मारने के बाद क्षेत्रीय लोगों और बैंक कर्मियों में दहशत फैल गई थी।
भय के कारण कोई भी कर्मचारी यहां अपनी सेवाएं देने में कतरा रहा था। यहां तक कि खेतीखान में तैनात शाखा प्रबंधक नरेश लाल का यहां से बाराकोट शाखा के लिए स्थानांतरण कर दिया गया। महाप्रबंधक ने सभी खाताधारकों से बैंक शाखा से सभी प्रकार के लेन-देन की अपील की है। इस मौके पर जिपं सदस्य सुषमा फर्त्याल, शाखा प्रबंधक एलएन भट्ट, आनंद प्रकाश, नरेश लाल, पियूष पंत, मनोज जोशी, जय प्रकाश, महेश भट्ट, राजेंद्र पोखरिया, त्रिलोक मेहता, छवि राम , ललित माहरा आदि मौजूद थे।