चंपावत। बिलियाचौड़ मैदान में चल रही कनलगांव क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत बृहस्पतिवार को खेले गए मैचों में स्पोर्ट्स टाइगर और ओल्ड स्टार की टीम ने अपने अपने मैच जीत कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है।
पहले मैच में स्पोर्ट्स टाइगर ने लोनिवि एकादश को हराया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में मोहित के 95 तथा उमेश गिरि के 34 रनों के सहारे 207 रन बनाए। इसके जवाब में खेलते हुए लोनिवि एकादश की टीम 126 रन ही बना सकी। इस टीम की ओर से पंकज ने 35 तथा मदन ने 19 रन जुटाए।
दूसरे मैच में ओल्ड स्टार ने स्वजल एकादश को पराजित किया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ओल्ड स्टार की टीम ने निर्धारित ओवरों में 199 रनों का लक्ष्य निर्धारित किया। इस टीम की ओर से प्रदीप बोहरा ने 66 तथा कौशल साह ने 42 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में बल्लेबाजी करते हुए स्वजल की टीम मात्र 81 ही रन जुुटा पाई।
इन मैचों के अंपायर उमेश सिंह, मोहित चौड़ाकोटी, स्कोरर ऋतिक गोस्वामी उद्घोषक रोहित गिरि, रघुराज सिंह देउपा थे। इससे पूर्व मुख्य अतिथि नीरज वर्मा ने मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजन समिति को पांच हजार, विजेता टीम को तीन हजार तथा उप विजेता टीम को दो हजार रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया।