टनकपुर (चंपावत)।
शारदा खनन क्षेत्र से अवैध खनन के साथ ही अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर शनिवार को प्रशासन ने ताबड़तोड़ छापे मारे। एसडीएम ने जहां ई-रवन्ना की पड़ताल कर दो शक्तिमान ट्रकों को रोका, वहीं सीओ ने खेतखेड़ा में सीमांकित क्षेत्र से बाहर खनन करते मिले तीन शक्तिमान ट्रकों को सीज कर दिया है। इससे अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।
अमर उजाला ने पिछले दिनों शारदा खनन शुरू होते ही खनन की व्यवस्थाओं एवं अवैध खनन की आशंकाओं को लेकर अभियान के तहत प्रमुखता से खामियों को उजागर किया है। इसके बाद प्रशासन अलर्ट हुआ है। अब प्रशासन अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेने लगा है। ताजा मामले में शनिवार को एसडीएम अनिल चन्याल ने शहर के जगन्नाथ चौराहे पर खड़े होकर खनिज सामग्री ला रहे वाहनों की जांच की तो ट्रकों में ई-रवन्ना नहीं मिला। जिस पर दो शक्तिमान ट्रकों को रोक कर जांच की गई। इस बीच वन निगम के खनन प्रभाग से पूछताछ की गई तो बताया गया कि नेटवर्क की समस्या के चलते ई-रवन्ना नहीं बन पाया। खनन प्रभाग के इस पक्ष को जानने के बाद एसडीएम ने पकड़े गए दोनों ट्रकों को छोड़ दिया। एसडीएम ने खनन कर रहे ट्रक स्वामियों को नियमों के तहत खनिज निकासी न करने पर कार्रवाई की हिदायत दी है।
इधर, सीओ आरएस रौतेला ने शनिवार को शारदा के अप स्ट्रीम में खेतखेड़ा से लगे खनन क्षेत्र में निरीक्षण किया तो जांच में तीन शक्तिमान ट्रक सीमांकित क्षेत्र से बाहर खनन करते मिले। जिन्हें सीओ ने सीज कर दिया है। सीओ ने बताया कि पकड़े गए ट्रकों के चालक रवन्ना और कागजात नहीं दिखा पाए। जिसके चलते उक्त ट्रक मालिकों को कागजात पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।