शारदा रेंज के जंगल में वन विभाग की टीमें हमलावर बाघ की गतिविधियों पर नजर गड़ाए हैं। मंगलवार को पूर्णागिरि मार्ग पर गैंड़ाखाली वन चौकी के पीछे बाघ के पंजे के निशान मिले हैं। इसके बाद विभाग ने इस स्थान पर भी एक और सीसी कैमरा लगा दिया है।
हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज एवं चंपावत वन प्रभाग के बूम रेेंज के जंगल में हमलावर बाघ नौ माह में चार महिलाओं को मार चुका है। 22 नवंबर को जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई नयागोठ गांव निवासी पूर्व सैनिक हवलदार मोहन सिंह की पत्नी हेमा देवी (45) को बाघ द्वारा निवाला बनाने की घटना के बाद से वन विभाग हमलावर बाघ को पकड़ने के प्रयास में जुटा है।
शारदा रेंज के वन बीट अधिकारी महेश अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को पूर्णागिरि मार्ग पर गैंड़ाखाली स्थित वन विभाग की चौकी से करीब तीन सौ मीटर पीछे बाघ के पंजे के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान है कि हमलावर बाघ पूर्णागिरि मार्ग से लगे जंगल में ही घूम रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजे के निशान मिलने के बाद उक्त स्थान पर भी सीसी कैमरा लगा दिया गया है, ताकि बाघ की गतिविधि का पता लग सके।