लोहाघाट (चंपावत) पर्यावरण मित्रों ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर पंचायत के एक वरिष्ठ लिपिक पर सेवा पुस्तिका भरने के ऐवज में तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने डीएम को ज्ञापन दिया है। लिपिक के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की धमकी दी है।
शनिवार को सफाई नायक हरचयन सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा गया गया है कि पर्यावरण मित्रों का बेवजह उत्पीड़न किया जा रहा है। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। नगर पंचायत के एक वरिष्ठ लिपिक पर संविदा में तैनात आठ पर्यावरण मित्रों की सर्विस बुक भरे जाने के ऐवज में तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग भी किया जाता है। उन्होंने आरोपी लिपिक के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की धमकी दी है। दूसरी तरफ संबंधित वरिष्ठ लिपिक ने पर्यावरण मित्रों द्वारा लगाए गए आरोप को निराधार बताया है।