चंपावत। विधायकों की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद जिला योजना में अपने क्षेत्र की योजनाओं को शामिल न किए जाने के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर भट्ट ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई।
जिला योजना में प्रस्तावित क्षेत्र की विकास योजनाओं की उपेक्षा के खिलाफ धूरा के जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर भट्ट ने सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। उनके समर्थन में टनकपुर की जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद भी सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठी थी। जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह सामंत, मुकेश कुमार ने उनकी मांगों का समर्थन किया था। चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी और लोहाघाट के विधायक पूरन फर्त्याल ने मंगलवार को भूख हड़ताल पर बैठे जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर भट्ट से वार्ता कर उनकी मांगें पूरा करने का आश्वासन दिया। विधायकों द्वारा मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद जिला पंचायत सदस्यों ने भूख हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया। मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने आंदोलन स्थल पर जाकर उन्हें जूस पिलाया।