टनकपुर (चंपावत)। स्टेडियम में सोमवार से दो दिवसीय अंडर 14, अंडर 17 आयु वर्ग के बालक, बालिकाओं की अतंरविद्यालयी ब्लॉक स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता शुरू हो गई है। ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा की कला का शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन विभिन्न भार वर्ग के पांच मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की प्रेरणा दी। निर्णायक शिक्षिका कल्पना आर्य, ताइक्वांडो प्रशिक्षक दिलदार अली, हरीश की देखरेख में हुई प्रतियोगिता में अंडर 14 आयु वर्ग के मुकाबलों में इफरा ने प्रीति को 15-7 से शिकस्त दी। जबकि रवीना ने अंशिता को 7-4 से हराया। अंडर 17 आयु वर्ग में वीरेंद्र ने संजय को 13-2 से, गौरव ने आकाश अधिकारी को 13-4 से एवं सुमित ने तौसिब को 5-3 से पराजित कर मुकाबला जीता। एसपी यादव, बलविंदर, रचित वल्दिया, प्रकाश जोशी, सतीश जोशी आदि ने सहयोग दिया। शिक्षिका कल्पना आर्य ने बताया कि चार, पांच सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।