चंपावत। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन धौन-बडोली मोटर मार्ग में सड़क निर्माण के लिए शेष पेड़ों के छपान की मांग जोर पकड़ती जा रही है। इस संबंध में बडोली के ग्रामीणों ने एक बार फिर से प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के प्रभावी होने से पूर्व तक निर्माणाधीन सड़क में पेड़ों का छपान किया गया था लेकिन उसके बाद पेड़ों के छपान का कार्य रोक दिया गया है।
इससे सड़क निर्माण कार्य में और अधिक वक्त लगने का अंदेशा है। ग्रामीण जय दत्त थ्वाल, ममता देवी आदि की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।