चंपावत। जिला अस्पताल में अब मुख्य चिकित्साधीक्षक सहित सभी डॉक्टरों और अन्य कर्मियों को अनिवार्य रूप से परिचय पत्र (आईडी) पहनना होगा।
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने इस संबंध में आदेश जारी किए थे। मंगलवार से अस्पताल में परिचय पत्र पहनना शुरू भी हो गया है।
सीएमएस ने बताया कि परिचय पत्र से अस्पताल का अनुशासन बेहतर होगा। साथ ही डॉक्टर और ड्यूटी पर तैनात अन्य स्टाफ में एकरूपता होगी, लेकिन इसका सबसे अधिक लाभ मरीजों को होगा।
मरीज अस्पताल कर्मियों को अपनी दिक्कतें बता सकेंगे तथा किसी तरह की शिकायत होने पर ठीक से सेवा न देने वाले की पहचान भी कर सकेंगे। सीएमएस डॉ.जोशी ने बताया कि ड्यूटी के वक्त आईडी नहीं पहनने पर कार्रवाई की जाएगी।