चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले की 22 सहकारी समिति में से मात्र दो समितियों की पांच सीटों पर चुनाव हुए। सात सीटों पर एक भी नामंकन नहीं आया। जबकि शेष 230 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। सबसे दिलचस्प मुकाबला चौड़ामेहता साधन सहकारी समिति के भिंगराड़ा वार्ड में हुआ। जहां टॉस से नतीजा तय हुआ। इस वार्ड के दोनों प्रत्याशी नवीन चंद्र भट्ट व रमेश चंद्र भट्ट को आठ-आठ वोट मिले। टॉस से तय हुआ नतीजा नवीन भट्ट के पक्ष में गया।
टनकपुर सहकारी समिति की चार सीटों में चुनाव हुए। यहां चंदनी सीट में रामेश्वरी ने पुष्पा को 9 वोट से हराया। रामेश्वरी को 11 वोट मिले। बस्टिया में 12 वोट लाने वाले हरीश प्रसाद ने शंकर सिंह को एक वोट से हराया। आमबाग से ओमप्रकाश ने पुष्कर राम को 16 वोट से हराया। ओमप्रकाश को 36 मत मिले। सबसे बड़े अंतर से फागपुर सीट से अनोखे लाल ने शिव चंद्र को 63 वोट से हराकर जीत दर्ज की। अनोखे लाल को 75 वोट मिले। चुनाव अधिकारी योगेंद्र सिंह, प्रेम चंद्र, सहायक प्रेक्षक सतीश फर्त्याल, वीरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह ने चुनाव का संचालन किया। सहकारिता के सहायक निबंधक पीएस राणा ने बताया कि सोमवार को जिले की सभी 22 समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे।