लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस ने मरोड़ाखान से घाट तक निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर डेंजर जोन चिन्हित कर उन्हें कॉशन टेप से सुरक्षित कर दिया है।
एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल के निर्देशन पर थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने दल-बल के साथ निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर हादसे में लिहाज से अतिसंवेदनशील बौतड़ी, रामेश्वर घाट, सिंगदा, गुमोद, च्यूरानी, फरतोला, भरतोली आदि स्थानों पर कॉशन टेप लगाकर सुरक्षित किया।
वाहन चालकों एवं यात्रियों को सड़क की खराब स्थिति के बारे में बताते हुए सुरक्षित यातायात के प्रति सजग किया। पुलिस ने मार्ग के इस हिस्से पर स्थित होटलों एवं ढाबों का भी निरीक्षण किया।
नियमविरुद्ध संचालित मिले चार होटल संचालकों के 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 1250 रुपये जुर्माना वसूला, जबकि वाहन चेकिंग में 20 वाहन चालकों के चालान कर 2000 रुपये समायोजन शुल्क वसूला। पुलिस टीम में एसआई हेमंत कठैत, एसआई देवेंद्र मेहता, राकेश रौंकली, अशोक वर्मा, अशोक पुरी शामिल थे।