टनकपुर (चंपावत)।
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक केएस वैसला ने स्थानीय एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उन्हें कॉलेज में ठप पड़ी शिक्षण व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। परीक्षा नियंत्रक ने सोमवार से नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन एवं 15 दिन के भीतर शिक्षकों की नियुक्त का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा उन्होंने प्रायोगिक परीक्षा के लिए जल्द पुस्तकालय खुलवाने की बात कही है।
शिक्षकों एवं संसाधनों के अभाव में इंजीनियरिंग कॉलेज में शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित है। पिछले दो सप्ताह से कक्षाएं तक संचालित नहीं हुई, इससे भविष्य को लेकर चिंतित छात्र-छात्राओं को बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करना पड़ा। शुक्रवार को तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक कॉलेज पहुंचे। अभिभावकों एवं छात्रों ने बताया कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से अस्थायी तौर पर तैनात शिक्षकों ने पढ़ाना छोड़ दिया है। शिक्षण कार्य ठप होने से उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है। प्रायोगिक पढ़ाई के लिए भी उन्हें करीब डेढ़ सौ किमी दूर जाना पड़ता है। परीक्षा नियंत्रक ने आश्वस्त किया कि सोमवार से कक्षाओं का नियमित संचालन होगा और 15 दिन के भीतर संबंधित विषयों के शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी परीक्षा नियंत्रक से छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षण कार्य नियमित कराने के साथ ही कॉलेज में शिक्षण संसाधनों की व्यवस्था कराने का आग्रह किया। इस मौके पर अभिभावक प्रकाश मुरारी, जीवन सिंह मनवाल, चरण दत्त मुरारी, शिवानी, नेहा, विनीता, फरीना, आरती, अल्का आदि मौजूद थे।