चंपावत/लोहाघाट/पाटी। जिले के विभिन्न स्थानों में रामलीला का मंचन जारी है। अमोड़ी की रामलीला में सीताहरण की रामलीला का मंचन किया गया, जबकि बिस्ज्यूला में अंगद-रावण संवाद का मंचन किया गया। अंगद ने रावण को अपना परिचय देते हुए कहा कि अंगद नाम मैरा बालि कर बेटा। मिरतोला, मौराड़ी सहित अन्य स्थानों में भी रामलीला का मंचन जारी है।
लोहाघाट क्षेत्र के चौमेल, मडलक, सैलपेडू, पुलहिंडोला, पाटी, वालिक में रामलीला की जबरदस्त धूम मची हुई है। लीला को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पाटी में नवें दिन की रामलीला में सीता की खोज में राम लक्ष्मण का शबरी के आश्रम में पहुंचना, शबरी द्वारा जूठे बेर खिलाने की लीला का मंचन किया गया। लीला अध्यक्ष सुरेंद्र लड़वाल के निर्देशन में रामलीला मंचन जारी है। चमदेवल में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष भुवन धौनी के निर्देशन में अंगद-रावण संवाद का शानदार मंचन किया गया। लीला में अंगद के पात्र 60 वर्षीय रामलीला कमेटी के पूर्व अध्यक्ष तारा सिंह धौनी ने शानदार अभिनय कर दर्शकों की खूब वाह-वाही लूटी। धौनी ने अंगद का जीवंत अभिनय कर दर्शकों को अपना मुरीद बना लिया। रावण के पात्र दीपक सिंह धौनी का अभिनय काफी सराहा गया। चौमेल में अंगद रावण से लेकर लक्ष्मण शक्ति तक की लीला दिखाई गई। ब्यूरो