टनकपुर (चंपावत)। संयुक्त चिकित्सालय में सात माह के बच्चे की मौत के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश के बाद शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने भी संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन से मामले के बारे में पूछताछ की। इस दौरान विधायक के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने डॉक्टरों पर कई आरोप लगाए।
लाल ईमली पड़ाव निवासी इरशाद द्वारा अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से उसके बच्चे की मौत होने का मामला उठाने पर विधायक गहतोड़ी इरशाद और कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी एवं आरोपी डॉक्टर तिवारी से मामले के बारे में पूछताछ की। चिकित्सा अधीक्षक ने विधायक को बताया कि बच्चे के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। मौसम खराब होने से बिजली गुल हुई तो लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने की आशंका के मद्देनजर इलाज कर रहे डॉक्टर ने बच्चे के पिता से इतना जरूर कहा था कि लंबे समय तक बिजली नहीं आई तो उन्हें जनरेटर के लिए डीजल लाना पड़ सकता है। बहरहाल, विधायक ने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के निर्देश दिए।