लोहाघाट (चंपावत)। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ ने सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने सहित कई अन्य मांगों को लेकर दूसरे दिन भी बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार जारी रखा। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डाक से संबंधित तमाम कामकाज प्रभावित रहा। डाक सेवकों की हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अखिल भारतीय डाक सेवक संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रभान सिंह मेहरा का कहना है कि डाक सेवक संघ सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, कमलेश चंद्रा समिति की सिफारिशों को लागू करने, ग्रामीण डाक सेवकों को पेंशन सुविधा देने, काम के आठ घंटे तय करने, विभागीय लक्ष्य को पूरा करने के लिए उत्पीड़न न करने आदि मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। लेकिन सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है।
हड़ताल के चलते पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों के 74 डाकघरों का कामकाज ठप है। मंडलीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह मेहरा, चरण सिंह, चंदन सिंह, अमर सिंह, देवीदत्त उप्रेती, भवान राम, तुला राम, कुंदन गिरि, बसंत सिंह, बल्देव भटट, चंद्रशेखर, धर्मानंद, जगदीश जोशी, राम सिंह अधिकारी आदि का कहना है कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।