चंपावत। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत सोमवार को जीआईसी सभागार में सेवारत शिक्षकों का छह दिनी प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत ने शिविर का शुभारंभ करते हुए शिक्षकों से प्रशिक्षणों का लाभ छात्रों तक पहुंचाने के सार्थक प्रयास करने को कहा।
जिला संदर्भदाता इंद्र लाल वर्मा के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिला समन्वयक भुवन शंकर पांडेय ने बताया कि जिले में माध्यमिक स्तर पर गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी तथा हिंदी विषयों का प्रशिक्षण प्रस्तावित है। जिसके तहत प्रथम चरण में गणित और सामाजिक विज्ञान विषय का प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य डॉ.बीसी जोशी ने शिक्षकों से सेवाभाव का दृष्टिकोण रखते हुए प्रशिक्षण का लाभ छात्रों तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित ने कहा कि शिक्षकों की कर्मठता से जिले को शीर्षस्थ स्थान पर लाना सबकी प्राथमिकता होना चाहिए। इस मौके पर प्रधानाचार्य सीपी गहतोड़ी, खंड शिक्षाधिकारी हरेंद्र शाह, अंशुल बिष्ट, सुनील पांडेय, इंदुवर जोशी, चंद्र सिंह पुजारी आदि ने भी विचार रखे।