चंपावत। निर्वाचन विभाग की ओर से शनिवार को मतदाता सूचियों के सत्यापन और जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीएलओ के नेतृत्व में 31 जुलाई तक चलने वाले सत्यापन अभियान में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में पंजीकृत होने से छूटे हुए नागरिकों के नाम सूची में दर्ज कराए जाएंगे। शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अपने बीएलए नियुक्त कर बीएलओ को सहयोग करने के साथ मतदाता सूची में छूटे, नये मतदाताओं के नाम दर्ज कराने में सहयोग करने को कहा।
एडीएम ने सभी शिक्षण संस्थाओं, प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं आदि में भी युवा वर्ग को जागृत करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए। उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रारूप छह, सात और आठ के जरिये नए नाम दर्ज करने, नाम हटाने अथवा किसी अन्य प्रविष्ठ को शुद्ध बनाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि आठ और नौ जुलाई तथा 22 और 23 जुलाई को बीएलओ अपने मतदान केंद्र में सभी प्रपत्रों के साथ उपस्थित होंगे। बैठक में भाजपा के मंडल अध्यक्ष उमेश चंद्र जोशी, बसपा के अध्यक्ष आनंद प्रसाद, प्रभारी दिनेश चौड़ाकोटी, युवा लोक सभा क्षेत्र के सचिव सूरज प्रहरी, सहायक निर्वाचन अधिकारी एमसी जोशी आदि उपस्थित थे।