टनकपुर (चंपावत)। लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान को लेकर स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। दिव्यांग मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिले के आइकन पवनदीप राजन ने गीतों के माध्यम से लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
स्वीप कार्यक्रम के संयोजक इंदुवर जोशी के नेतृत्व में राबाइंका प्रांगण से विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नंदा कांवेंट पब्लिक स्कूल, महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने वाले पोस्टर और नारे लगाते हुए मतदाताओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम संयोजक जोशी ने लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व की जानकारी देते हुए मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने को प्रेरित किया। रैली के बाद राबाइंका में दिव्यांगों को ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं जिले के आइकन पवनदीप राजन ने गीतों की प्रस्तुति से मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया। आयोजन में राबाइंका की प्रधानाचार्य अनुराधा दुबे, शिक्षिका कल्पना धामी आदि ने सहयोग दिया।