चंपावत। नेपाल सीमा से लगे मैदानी इलाके टनकपुर-बनबसा में जाड़ों में तस्करी बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस खास रणनीति बना रही है। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल से समन्वय के अलावा बनबसा और टनकपुर में तीन टीमें बनाई जाएंगी। ये टीमें तीन दिन के भीतर बन जाएंगी। साथ ही खुफिया सक्रियता को और मुस्तैद किया जाएगा।
जाड़ों में शारदा नदी में जल स्तर में कमी आती है। इससे तस्कर कई जगह पर ट्यूब के जरिए नेपाल से भारत में आसानी से प्रवेश कर लेते हैं। एसपी गुंज्याल का कहना है कि भैसाझाला से लेकर बूम तक कई इलाकों से वन्य जंतु, चरस और नेपाल निर्मित कपड़ों की तस्करी का अंदेशा बढ़ जाता है।
इसके अतिरिक्त भी पुलिस तस्करी के लिए मुफीद स्थानों को चिह्नित कर रही है। नदी के जल स्तर के कम होने का लाभ उठाते हुए तस्कर रात के वक्त ऐसी हरकतों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने ऐसे तत्वों से निपटने के लिए तीन पुलिस टीम का गठन करने की बात कही है। साथ ही एसएसबी के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा और वन विभाग को साथ लेकर संयुक्त गश्त की जाएगी।