चंपावत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सिर्फ अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मतदान होगा।
अध्यक्ष की कुर्सी के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पारस सिंह महर और निर्दलीय प्रमोद सिंह बड़ेला और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि विजय कुमार और नीरज रावत ने नामांकन किया, जबकि शेष पांच पदों पर एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय है। वैसे सात पदों पर कुल नौ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं विजयी प्रत्याशियों ने शहर में जुलूस निकाला।
उपाध्यक्ष पद पर रमेश चंद्र, महासचिव पद के लिए पूरन सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष के लिए पूजा गोस्वामी, संयुक्त सचिव के लिए अरुण उप्रेती और कोषाध्यक्ष के लिए शुभम गिरि ने ही नामांकन कराए। ये सभी प्रत्याशी एबीवीपी से जुड़े हैं। प्राचार्या डॉ.तनुजा बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट जारी होगी। चुनाव में 868 छात्र-छात्राएं वोट देंगे। चुनाव अधिकारी डॉ.बीपी ओली, डॉ.अल्का और डॉ.सुमन कुमारी ने चुनाव प्रक्रिया को निपटाया। मतदान 8 सितंबर को होगा। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच और वैध उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।
लोहाघाट में सिर्फ अध्यक्ष पद पर होगा मतदान
लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनावों के लिए हुए नामांकन में आठ पदों के लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। अध्यक्ष के लिए दो प्रत्याशियों संदीप बगौली और संजीव कुमार ने नामांकन कराया, जबकि उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और सांस्कृतिक सचिव पद पर एक-एक प्रत्याशी के ही नामांकन कराने से निर्विरोध निर्वाचन तय है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जुलूस निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। प्राचार्या डॉ.रितु मित्तल और छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ.प्रकाश लखेड़ा केे दिशा-निर्देशन में नामांकन प्रकिया संपन्न हुई। जबकि छात्र उपाध्यक्ष पद पर अंकुर माहरा, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर मनीषा विश्वकर्मा, महासचिव पद पर बबीता अधिकारी, संयुक्त सचिव पद पर सौरभ मनराल, कोषाध्यक्ष पद पर सक्षम अधिकारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर संजय बगौली तथा सांस्कृतिक सचिव पद पर सौरभ बिनवाल ने नामांकन कराया।
नामांकन में छात्रसंघ निर्वाचन समिति के डॉ.रवि सनवाल, डॉ.रुचिर जोशी, डॉ.कमलेश सक्टा, डॉ.एसपी सिंह, डॉ.भुवन चंद्र जोशी, नामांकन जांच समिति में डॉ.तौफिक अहमद, डॉ.अर्चना त्रिपाठी, आंतरिक पर्यवेक्षक डॉ.जगदीश चंद्र जोशी, अनुशासन समिति के डॉ.धर्मेंद्र तिवारी, डॉ.धर्मेंद्र राठौर, डॉ.महेश त्रिपाठी, डॉ.संदीप अग्रवाल, डॉ.सुमन पांडेय, डॉ.विमला देवी, डॉ.शिवानी कर्नाटक, डॉ.वेदव्रत, डॉ.विजय डालाकोटी, डॉ.मंजुलता जोशी, रमेश भट्ट, दिनेश पटवा, ब्रजमोहन जोशी, लक्ष्मी दत्त जोशी आदि ने सहयोग किया।