बनबसा (चंपावत)। बनबसा का अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौथे दिन भी बंद रहा। अस्पताल के संचालन के लिए एक फार्मेसिस्ट की तैनाती की गई है। मंगलवार को अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही अस्पताल सुचारु कर दिया जाएगा।
संविदा डॉक्टर के बीमार पड़ने के बाद से बनबसा के अस्पताल को एकमात्र फार्मेसिस्ट द्वारा संचालित किया जा रहा था। एक महिला ने 25 जुलाई को थाने पहुंच फार्मेसिस्ट पर दुराचार का आरोप लगाया था। फार्मेसिस्ट पर मुकदमा दायर कर उसे जेल भेज दिया गया जिसके बाद 25 जुलाई से अस्पताल बंद पड़ा है। टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि बनबसा अस्पताल के संचालन के लिए सीएमओ ने नए फार्मेसिस्ट प्रकाश भट्ट की नियुक्ति कर दी है।
सोमवार को देर से आदेश पहुंचने के कारण मंगलवार को अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद से विधिवत बनबसा अस्पताल में मरीजों का उपचार और दवा वितरण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
उधर ग्रामप्रधान गीता देवी, गंगा गुरुंग, गिरधारी लाल, माला देवी, अरुण कुमार, बीडीसी सदस्य पुष्कर कापड़ी, गजेंद्र चंद, महेश जोशी व्यापार मंडल संरक्षक संजय अग्रवाल, अध्यक्ष भरत भंडारी, महामंत्री संजय पारिक, गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद आदि ने अस्पताल में महिला और पुरुष डॉक्टर नियुक्त करने की मांग उठाई है।