चंपावत। डीएम एसएन पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जन सुनवाई दिवस में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान 10 शिकायतें आई। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी समय पर निपटाने के निर्देश। कहा कि अगले जनसुनवाई दिवस में प्रथम घंटे में पूर्व में आई समस्याओं की समीक्षा की जाएगी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष महेश चौड़ाकोटी ने चंपावत कॉलेज का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाल सिंह प्रथोली के नाम रखने की मांग उठाई जिस पर डीएम ने इसे शासन स्तर पर भेजने की बात कही।
जनसुनवाई में ग्राम भेट्टी के दुर्गा नंदन खर्कवाल ने ग्राम पंचायत चौड़ा राजपुरा में पेयजल दिक्कत की समस्या बताई। हरखेड़ा की शांति देवी और ग्राम वल्सों के त्रिलोक सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिचय पत्र दिलाए जाने की बात रखी। कनलगांव के सुभाष तड़ागी ने गांव में सस्ता गल्ला की दुकान खोलने का अनुरोध किया।
इसके अलावा जाखजिंडी की आशा जोशी ने ग्राम पंचायत के विकास कार्य अन्यत्र ग्राम पंचायत में कराए जाने की शिकायत की, गूंठ गरसारी की कलावती देवी ने समाज कल्याण विभाग से पेंशन दिलवाने, रैघांव के देव सिंह अधिकारी ने जिला पंचायत की विभिन्न योजनाओं का विवरण उपलब्ध कराने, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम देव ने बारहमासी सड़क की जद में आ रहे भवनों की सुरक्षा करने के साथ विकासखंड स्तर पर भी आधार सेंटर खोलने की मांग रखी। वहां सीडीओ एसएस बिष्ट, डीडीओ आरसी तिवारी, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, राजेश मौर्य, हेमेंद्र प्रसाद गंगवार, गोपाल दत्त पांडे, आरसी पुरोहित, डॉ. बीएस जंगपागी आदि थे।