चंपावत/टनकपुर। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर बृहस्पतिवार को भी कई जगह आवाजाही बाधित रही। धौन, स्वांला, अमरूबैंड, टिपनटॉप में मलबा आने से दिनभर में साढ़े तीन घंटे ये मार्ग बंद रहा। पुलिस, एनएच डिवीजन और आपदा की टीमों की सक्रियता से सुबह पांच बजे से बंद रास्ते को 8:30 बजे सुचारु किया गया। वहीं, सड़क बंद होने पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने चंपावत को जाने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों को टनकपुर में ही रोक लिया, जिन्हें करीब साढ़े चार घंटे बाद मार्ग खुलने पर भेजा गया।
बुधवार को दिन भर टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर बारिश और मलबे ने यात्रियों को परेशानी में डाले रखा। वहीं बृहस्पतिवार को भी सुबह धौन के पास फिर आए मलबे से सड़क बंद हो गई। इस पर पुलिस ने सभी वाहनों को ककरालीगेट बैरियर पर रोक लिया। इस कारण ककरालीगेट से पिथौरागढ़ चुंगी तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से वाहनों का यहां रोकना पड़ा, जिन्हें सुबह करीब साढ़े नौ बजे मार्ग खुलने की सूचना पर जाने दिया गया। सुबह पांच बजे से साढ़े नौ बजे तक मार्ग खुलने की प्रतीक्षा में यात्री खासे परेशान हुए।
ये रही टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति
धौन- सुबह 5 बजे बंद 7:09 में खुला।
स्वांला- 6:30 बजे बंद 7 बजे खुला।
अमरूबैंड- 6:49 बजे बंद 8:19 बजे खुला।
टिपनटॉप के पास- 6:50 बजे बंद 8:30 बजे खुला।
चंपावत के 13 आंतरिक मोटर मार्ग बंद
चमदेवल-जाख-कजीना, कामाज्यूला-भनार, बर्दाखान-आली-पट्यूड़ा, खटोली मल्ली, थुवामौनी-बांसबस्वाड़ी, कुलयालगांव-साल, बाराकोट-कोठेरा, पुनाबे-सिप्टी, गल्लागांव-देवलमाफी, चौमेल-सील बरयूड़ी, बर्दाखान-रैघाड़ी, बाराकोट-पड़ासूसेरा, रीठा-ढोलीगांव मार्ग।
यहां इतनी बारिश हुई
चंपावत: 26 एमएम
लोहाघाट: 19 एमएम
पाटी: 12 एमएम
टनकपुर- बनबसा: 49 एमएम