चंपावत। स्नातकोत्तर महाविद्यालय की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र नेताओं ने बृहस्पतिवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। कलक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर पहले दिन एबीवीपी के सह जिला संयोजक हरीश जोशी, छात्रसंघ महासचिव पीयूष जोशी और आदर्श भट्ट बैठे। इससे पूर्व छात्रों ने मोटर स्टेशन से जोरदार नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से सीएम और उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
छात्रों ने महाविद्यालय में एमएससी, एमकॉम की स्वीकृति, कला संकाय के एमए में अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी, समाजशास्त्र विषयों की स्वीकृति, कला संकाय के स्नातक में संस्कृत और शिक्षाशास्त्र विषय की स्वीकृति, सृजित पदों में स्थाई प्राध्यापकों की तैनाती, पुस्तकालय स्टाफ के पदों पर तैनाती किए जाने की मांग की। जिला संयोजक विनोद बगौली, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमल माहरा, गौरव पांडेय, मनोज तड़ागी, इंदर ढेक, दीपक देव, जानकी राणा, प्रेमबल्लभ, पूजा खाती, सरू करायत, नीरज सक्टा, राहुल जोशी, पारस महर, मनीषा, कंचन आदि थे।