चंपावत। यहां से करीब 13 किमी दूर धौन के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को एक भी छात्र स्कूल नहीं पहुंचा। छात्रों के अभिभावकों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी के चलते अपने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजा। धौन का प्राथमिक स्कूल दिसंबर 2016 से अकेले अध्यापक के सहारे चल रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुनीता रावत, रमेश चंद्र भट्ट, राकेश उप्रेती, लीलाधर शर्मा, नवीन उप्रेती, प्रकाश रावत, नवीन रावत, संजय रावत सहित तमाम अभिभावकों का कहना है कि एकमात्र शिक्षक होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसे लेकर अनेकों बार शिक्षा विभाग से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। थकहार कर उन्होंने अपनी आवाज उठाने के लिए शनिवार को अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज विरोध जताया। अभिभावकों ने आगे भी इस तरह के विरोध को जताने का एलान किया है।
इधर स्कूल के अकेले शिक्षक चंद्रशेखर जोशी ने अभिभावकों के विरोध की जानकारी पत्र के द्वारा उप शिक्षाधिकारी को दी है। उप शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट का कहना है कि उच्चाधिकारियों से निर्देश लेकर जल्द से जल्द दूसरे शिक्षक की तैनाती का प्रयास किया जाएगा।