लोहाघाट (चंपावत)। स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगर पंचायत की ओर से शहर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों की सफाई करने के साथ झाड़ियों का कटान और जगह-जगह कूड़े का निस्तारण किया गया। नगर पंचायत के प्रशासक एसडीएम आरसी गौतम के दिशा-निर्देशन व अधिशासी अधिकारी कमल कुमार की देखरेख में यह अभियान चलाया गया।
इसके अंतर्गत पर्यावरण मित्र हरचरन सिंह के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने खेतीखान रोड, सब्जी, मीट मार्केट, बस स्टेशन आदि स्थानों में स्वच्छता कार्य किया। उन्होंने नालियों में जमे कूड़े को हटाने के साथ झाड़ियों का कटान, जगह-जगह फैले कूड़े को एकत्र कर नष्ट किया। प्रशासक एसडीएम गौतम का कहना है कि नगर क्षेत्र में गंदगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से घरों का कूड़ा खुले में न फेंकने, कूड़ेदानों का प्रयोग करने, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। अभियान में मुकेश, बबलू, कल्लू लाल, विलियम, मनीष, सतीश, सुमन, ममता, समंता, संतोष, गुंजा, पप्पू आदि पर्यावरण मित्र शामिल थे।