खेल विभाग और जिला कराटे डू समिति द्वारा राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता दो होनहार बेटियों और उनके कोच को सम्मानित किया गया। खेल निदेशालय ने ओपीएस की छात्रा साक्षी बिष्ट और केंद्रीय विद्यालय की छात्रा ज्योति बिष्ट को 12500-12500 और कराटे कोच दीपक अधिकारी को 2700 रुपये का चेक दिया। इन खिलाड़ियों ने 2017 में हुई राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।
रविवार को युवा कल्याण भवन में जिला कराटे डू समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता और कराटे कोच व सचिव दीपक अधिकारी और कर्मवीर के संचालन में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने किया। विधायक ने कराटे और किक बॉक्सिंग खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों में हुनर का जलवा दिखाकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने विधायक निधि से कराटे मैट, किट और मरम्मत के लिए 2.25 लाख रुपया देने की घोषणा की।
जिला क्रीड़ाधिकारी आरएस धामी ने कराटे खेल मेें क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी मोहित बिष्ट, अंकित पांडेय, यशराज करायत, उन्नयन पांडेय, रश्मि मुरारी, सूरज मुरारी, गौरव चिलकोटी, छाया चौबे, वत्सला जोशी, अंश पाठक, निशांत जोशी, पारस माल्यान, विदुषी माल्यान, प्राची ओली, हर्षित ओली, गीतांजली मुरारी को प्रशस्ति पत्र दिया गया। कराटे समिति ने अतिथियों और पुरस्कार लाने पर उत्तराखंड कराटे फैडरेशन के सचिव संजीव जांगड़ा का आभार जताया। इस मौके पर खेल विभाग के चंद्रशेखर ओली, हरीश जोशी, हेमंत गड़कोटी, दान सिंह करायत, विश्वनाथ मुरारी, इंद्रदेव मुरारी आदि मौजूद थे।