चंपावत। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये टनकपुर से पिथौरागढ़ के बीच बारहमासी सड़क के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सभी कंपनियों से डंपिंग यार्डों की सूची, संख्या, कटिंग किमी, शेष मार्ग को पूरा करने की तिथि आदि मय फोटोग्राफ के उपलब्ध कराने को कहा है।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को डंपिंग जोन के अलावा अन्य स्थानों पर मलबा न डालने की सख्त हिदायत दी। डंपिंग यार्ड में सुरक्षा दीवार तैयार करने के निर्देश दिए जिससे मलबा दूर तक जाकर नुकसान न कर सके। उन्होंने डीएम को बारहमासी सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान अनियमितताओं के पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क कटिंग पूर्ण होने वाले स्थानों पर हैंडपंपों की पुनर्स्थापना करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चंपावत और लोहाघाट बाइपास को ऑनलाइन कर सड़क निर्माण की सभी कागजी कार्यवाही पूर्ण करने को कहा।
डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने बताया कि ऑनलाइन की कार्यवाही गतिमान है तथा टनकपुर से घाट 80.78 किमी में भू अधिग्रहण का कार्य पूर्ण कर एनएच को हस्तांतरित कर 13.73 करोड़ की धनराशि मुआवजे के रूप में वितरित कर दी गई है। इस मौके पर एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, अनिल गर्ब्याल अधिशासी अभियंता एनएच एलडी मथेला, ईई विद्युत राजेश मौर्या, ईई जल संस्थान अशोक कुमार, सहायक अभियंता एनएच एनसी पांडेय, बारहमासी सड़क पर कार्य रही कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
प्रधानमंत्री की समीक्षा से पूर्व डिटेल उपलब्ध कराएं
चंपावत। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने जिलाधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अधिशासी अभियंता एनएच को सड़क निर्माण कार्य के साथ डंपिंग जोन पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने 24 और 25 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की जाने वाली समीक्षा से पूर्व विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।