लोहाघाट (चंपावत)। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 14 महीनों बाद दंत चिकित्सक की स्थायी तैनाती हो गई है। दंत चिकित्सक ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। दंत चिकित्सक के कार्यभार ग्रहण करने के बाद लोगों को इसका काफी लाभ मिलेगा। दंत चिकित्सक डॉ.शालिनी ने कार्यभार ग्रहण करने के दो दिनों के भीतर आठ दंत रोगियों का उपचार किया जा चुका है।
डॉ.शालिनी का कहना है कि दंत चिकित्सा के कुछ उपकरणों की कमी के चलते आंशिक दिक्कतें हो रही हैं। उपकरण पूरा होने पर मरीजों फायदा मिलेगा। मालूम हो कि 15 नवंबर 2016 को सीएचसी के पीपीपी मोड से हटने के बाद से यहां दंत चिकित्सा यूनिट ठप पड़ गई थी। जिसके चलते दंत रोगियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सीएचसी में दंत चिकित्सक की तैनाती होने से शहर के कई लोगों ने खुशी जताई है।