चंपावत। कनलगांव खेल एवं पर्यावरण विकास समिति के तत्वावधान में कनलगांव क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। शुक्रवार को बिलिया मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच में आरामशीन एकादश ने धौन एकादश को 90 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
आरामशीन एकादश ने पवन के 95 रनों की बदौलत निर्धारित ओवरों में 183 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में धौन एकादश की टीम केवल 93 रनों पर ढेर हो गई। अंपायरिंग नितिन पांडेय, मनोज देउपा, बसंत पांडेय, प्रकाश गिरि ने की, जबकि स्कोरर हर्षित पांडेय रहे। मैच का आंखों देखा हाल रोहित गिरि और मोहन भट्ट ने सुनाया।
इससे पहले मुख्य अतिथि विधायक ने जमींदार बाबा मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पांच लाख रुपये देने, जो भी टीम जीतेगी उस गांव में खेल मैदान के लिए दो लाख रुपये देने का ऐलान किया। इस मौके पर सभासद नरेश जोशी, मोहन भट्ट, सुभाष तड़ागी, मोहित पांडेय, गौरव कलौनी, सोनू महरा, मनोज देउपा के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष रामदत्त जोशी आदि मौजूद रहे। संचालन रघुराज सिंह देउपा ने किया।