चंपावत। रजिस्ट्रार कानूनगो संघ साल के पहले दिन सोमवार से विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। हड़ताल को सफल बनाने के लिए रविवार को संगठन का विस्तार भी किया गया।
उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि निर्वाचन के कार्यों की जिम्मेदारी से अलग करने व अन्य विभागीय मांगों को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देश पर पहली जनवरी से कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। वेतन विसंगति दूर करने, भूलेख अनुभाग के ढांचे को तैयार करने, नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर पदोन्नति देने, राजस्व अभिलेखों में बस्ता बरदार की नियुक्ति, डाटा इंट्री ऑपरेटर के पदों पर नियमित कर्मियों की तैनाती, तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन के पृथक पटल, पृथक निर्वाचन अनुभाग, भूलेख अभिलेख नियमावली बनाने, रजिस्ट्रार कानूनगो व भूलेखागार में लिपिक के रिक्त पदों पर तैनाती सहित कुल 14 सूत्री मांगों को लेकर संगठन प्रदेशव्यापी हड़ताल करेगा।
इस मौके पर संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। रमेश चंद्र वर्मा को अध्यक्ष, जीवन सिंह नेगी उपाध्यक्ष, देव राम सचिव, राजेंद्र कुमार कोषाध्यक्ष व राम प्रसाद को संरक्षक चुना गया है।
शिक्षा विभाग के लिपिकों की बेमियादी हड़ताल आज सेे
चंपावत। एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफीसर्स एसोसिएशन पदोन्नति सूची जारी नहीं करने के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन प्रदेशव्यापी हड़ताल करेगा। संगठन के जिलाध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी व महामंत्री रवींद्र पांडेय ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षा विभाग के मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के सभी कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त मांग को लेकर शनिवार को भी इन कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया।