चंपावत। जीआईसी सूखीढांग में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित शिविर में गौरादेवी कन्याधन योजना की एफडी और पेंशन योजना के आवेदन वितरित किए गए। शिविर का शुभारंभ करते हुए विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने अधिकारियों से ग्रामीणों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में सरल तरीके से जानकारियां देने को कहा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के साथ पात्र, गरीब लोगों को सभी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी बंशीधर पंत ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रपत्र भी उपलब्ध कराए। शिविर में राजस्व विभाग की ओर से आय, जाति के 14, ग्राम्य विकास विभाग ने 25 परिवार रजिस्टर की नकलें, पांच बीपीएल प्रमाण पत्र जारी करने के साथ उद्यान, सहकारिता एवं कृषि विभाग की ओर से 86 कृषि यंत्र, लगभग 25 किलो बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 17 पात्र व्यक्तियों के आधारकार्ड प्राप्त करने के साथ 15 आधारकार्ड बनाए गए और गौरादेवी कन्याधन योजना के तहत 350000 रूपये की एफडी वितरित की गई।
इसके अलावा दिव्यांग, वृद्धावस्था, तीलू रौतेली के आवेदन जमा किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से छह दिव्यांग प्रमाणपत्र वितरित करने के साथ 67 मरीजों की जांच कर दवा वितरित की गई। शिविर में सीएमओ डॉ.एमएस बोरा, डॉ.उदयशंकर, डॉ.एचएस ऐरी, तहसीलदार गोविंद प्रसाद, डीएचओ एनके आर्या, समाज कल्याण के मोहन गिरी, जितेंद्र चंद, दीपक गहतोड़ी, आशीष पुजारी के साथ-साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।