लोहाघाट (चंपावत)।
नगर के गैस गोदाम के पास गोवंशज का कटा सिर मिलने की घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी है। अलबत्ता किसी भी स्थिति से निपटने के लिए यहां भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब तक 55 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। चौथे दिन भी नगर में मांस की दुकानें बंद रही। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु लोहाघाट में डेरा डाले हुए हैं, जो स्थिति पर नजर रखे हैं।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का दौरा कर छानबीन की। जांच अधिकारी हेमंत कठैत ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस रात-दिन जगह-जगह खोजबीन में जुटी है। उन्होंने बताया कि स्थानीय और बाहरी करीब 55 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए नगर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए चंपावत के सीओ प्रयाग सिंह कफलिया और पिथौरागढ़ केे सीओ शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जिनके द्वारा लगातार छानबीन की जा रही है।
एबीवीपी और छात्रसंघ ने शीघ्र खुलासे की मांग की
लोहाघाट (चंपावत)। गोवंशज का कटा सिर मिलने के बाद एबीवीपी और छात्रसंघ पदाधिकारियों में खासा आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने थाने में जाकर मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। सोमवार को एबीवीपी के जिला संयोजक विनोद बगौली और छात्र संघ अध्यक्ष विवेक पुजारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने में जाकर जांच अधिकारी एसआई हेमंत कठैत से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस दिन रात जुटी हुई है। जिसके लिए खुफिया पुलिस और एसओजी की भी मदद ली जा रही है। इस मौके पर राकेश बोहरा, इंदर ढेक, दीपक देव, गंगा पाटनी, विनय पचौली, निखिल देव, अंशु पाटनी, कमल बोहरा आदि मौजूद रहे।
जबरन दुकानें बंद करने पर विरोध जताया
लोहाघाट (चंपावत)। सोमवार को कुछ युवाओं द्वारा अल्पसंख्यकों की दुकानें जबरन बंद कराने पर वह काफी आहत हुए हैं। उन्होंने गोवंशज की हत्या की निंदा करने के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अल्पसंख्यक समुदाय के जूते के व्यापारी जावेद यार खां, रजाई बनाने वाले परवेज, मो.अय्यूब, अस्फाक अहमद आदि का कहना है कि वह अपनी छोटी-मोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार को कुछ लोग आए और उनकी दुकानें जबरन बंद करवा दी। व्यापारियों का कहना है कि नगर क्षेत्र में गोवंशज का कटा सिर मिलने की घटना निंदनीय है। दोषियों को पकड़ने के लिए उनका जितना सहयोग चाहिए वह देने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी दुकान न बंद करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि यदि नगर में सभी दुकानें बंद होती हैं, तो वह भी लोगों का साथ देने के लिए तैयार हैं।