लोहाघाट (चंपावत)। नगर में रामलीला मैदान के पास सुनार की दुकान का ताला काटकर लाखों रुपये के गहने चोरी करने के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने 10 बाहरी लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे दो सीसीटीवी की फुटेज खंगाली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है।
मंगलवार रात रामलीला मैदान के पास कोकिला ज्वैलर्स की दुकान के शटर का ताला काटकर चोरों ने अंदर रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने के गहने चुरा लिए थे। दुकान स्वामी राकेश वर्मा द्वारा चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। चोरों का पता लगाने के लिए थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल और एसआई हेमंत कठैत के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि 10 बाहरी संदिग्ध लोगों से सख्ती से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि जिस दुकान से चोरी हुई है, उसके पास फर्त्याल मेडिकल और केंद्रीय विद्यालय में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई। एसओ ने बताया कि फुटेज में रात करीब 12.30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान के चक्कर काटता नजर आ रहा है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।