चंपावत। चंपावत विकासखंड की बगेड़ी वन पंचायत में अवैध रूप से पेड़ काटे जाने के आरोप को वन पंचायत ने खारिज किया है। कुछ लोगों द्वारा लगाए आरोप के बाद वन पंचायत के सरपंच द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में ये बात सामने आई है।
वहीं सरपंच के मौका मुआयने को सत्यापित करने के लिए वन विभाग भी एक टीम को मौके पर भेजेगा।
चंपावत के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश चंद्र तिवारी ने बताया कि बगेड़ी वन पंचायत में अवैध रूप से कुछ पेड़ों के काटे जाने के कतिपय अज्ञात लोगों के आरोपों की वन पंचायत से जांच कराई गई। सरपंच ईश्वरी दत्त ने मौका मुआयना करने के बाद मंगलवार को वन विभाग को अवैध पेड़ों के कटे होने को गलत बताया। वन क्षेत्राधिकारी का कहना है कि सरपंच की रिपोर्ट के अलावा इस वक्त फायर सीजन में चल रही गश्त के मद्देनजर अवैध कटान मुमकिन नहीं लगता। अलबत्ता इस रिपोर्ट के बावजूद वन विभाग बुधवार को वन बीट अधिकारी प्रकाश गोस्वामी के नेतृत्व में एक टीम को स्थलीय मुआयने के लिए भेजेगा।