चंपावत/लोहाघाट। होली पर्व संपन्न होने के बाद महीने के चौथे शनिवार और रविवार को बैंक बंद होने के बाद सोमवार को बैंक खुलने पर लोगों की भारी भीड़ रही। सुबह बैंक खुलते ही लोगों की भीड़ बैंकों में जमा होना शुरू हो गई थी।
विभिन्न बैंकों में उपभोक्ताओं को लाइनें लगानी पड़ीं। लोहाघाट एसबीआई में सोमवार को लेनदेन करने वाले लोगों की भारी भीड़ रही। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंक में दिव्यांगों, वृद्धजनों के लिए अलग से काउंटर न होने के कारण उन्हें लाइन में लगते हुए काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। बैंक कर्मियों की ओर से बारी बारी से लोगों को निपटाया गया।