लोहाघाट (चंपावत)। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने दो माह के वेतन और दिवाली के बोनस की मांग को लेकर सातवें दिन शुक्रवार को भी बांहों पर काला फीता बांधकर विरोध किया।
रोडवेज डिपो में नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया। वहीं शनिवार को सभी कर्मी लोहाघाट डिपो में धरना प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को संघ के मंत्री मनोज मिश्रा के नेतृत्व में कर्मियों ने काला फीता बांध विरोध किया। रोडवेज कर्मियों का कहना है कि डिपो की अच्छी आय होने के बावजूद वेतन और दिवाली के बोनस का भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर रवींद्र जोशी, महिपाल, प्रकाश मुरारी, संतोष कुमार, प्रमोद सिंह, हरीश भट्ट, मोहन कोहली, मोहन भट्ट, कैलाश बिष्ट, ईश्वरी दत्त भट्ट आदि कर्मचारी मौजूद थे।