चंपावत। प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जन सुनवाई दिवस पर इस बार छह शिकायतें दर्ज की गई। इनमें से अधिकतर समस्याओं का समाधान जन सुनवाई दिवस में ही किया गया।
सिमल्टा के कृष्णानंद ने रेडक्रॉस से मदद देने, दियूरी तोक भनार के ध्यान सिंह ने ऑल वेदर सड़क चौड़ीकरण के मलबे से कृषि भूमि के नुकसान और पांच फलदार वृक्षों का मुआवजा देने, धौन के सेतराम ने ऑल वेदर सड़क चौड़ीकरण में प्रयुक्त भूमि का मुआवजा दिलाने की शिकायत रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बंतोली के खीम सिंह फर्त्याल ने मत्स्य तालाब का भुगतान न होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण अधिकारी को स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। कांडा की भवानी बोहरा ने पति के स्थान पर उनको अनुसेवक के पद पर नियुक्ति देने की शिकायत रखी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में घड़ी चोरी का मामला भी जन सुनवाई में दाखिल किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।