लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज में छात्र-छात्राओं को इच्छित विषयों में प्रवेश देने समेत तीन सूत्री मांग को लेकर छात्रों ने बुधवार को भी कॉलेज में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
छात्रों ने मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया। बृहस्पतिवार को छात्र-छात्राओं की मांगों को लेकर एबीवीपी के बैनर तले महारैली निकाली जाएगी।
छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक सिंह पुजारी और एबीवीपी के जिला संयोजक विनोद बगौली के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज बंद करवाकर मांगों को लेकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि बीए में मनचाहे विषयों में प्रवेश देने, प्रवेश तिथि बढ़ाने और छात्र-छात्राओं का प्रवेश ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन कराने की लगातार मांग की जा रही है, लेकिन उनकी मांगों पर विश्वविद्यालय ने कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रदर्शन करने वालों में छात्रसंघ महासचिव पंकज पुजारी, कोषाध्यक्ष प्रदीप कलौनी, नगर मंत्री दीपक देव, पूर्व महासचिव इंदर ढेक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक फर्त्याल, संजय बगौली, वेदांश बगौली, विमल माहरा, कमल कुल्याल, रोबिन मेहता, अजय बिष्ट, राहुल जोशी, नीरज सक्टा, मनोज जोशी, रिंकू बोहरा, शीतल देव, संदीप बगौली, आकाश सार्की, सूरज सामंत आदि शामिल थें।