चंपावत। मशहूर कुमाऊंनी लोकगायक सुरेश राजन की पुत्री और युवा दिलों की धड़कन बन चुके वॉइस इंडिया के पहले सत्र के विजेता पवनदीप राजन की छोटी बहन 14 वर्षीय ज्योति राजन जल्द ही फिल्मी रुपहले पर्दे पर नजर आएंगी। 22 वर्ष पूर्व आई सिंदूर की सौगंध फिल्म के निर्देशक बीसी चौबदार के निर्देशन में बन रही अनाम फिल्म में वह दिखेंगी। इसकी शूटिंग 20 जून के बाद राजस्थान, मुंबई, देहरादून में होगी।
ज्योति को गायन के अलावा अभिनय क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की प्रेरणा अपने भाई से ही मिली है। ज्योति एबीसी आल्मामैटर कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा दसवीं में पढ़ रही है। उसका रुझान बचपन से ही गायन, अभिनय के प्रति रहा है। ज्योति राजन टेलीविजन के सावधान इंडिया, क्राइम पेट्रोल आदि धारावाहिकों में छोटी छोटी भूमिकाएं निभा चुकी हैं। उन्होंने एक गढ़वाली फिल्म में गीत गाने के साथ अभिनय भी किया है। फिल्म की शूटिंग से पूर्व ज्योति हल्द्वानी स्थित संस्थान में प्रशिक्षण लेंगी। वह संस्थान के निदेशक विक्की योगी के निर्देशन में अभिनय की बारीकियां सीखने के साथ ही फिल्म निर्माण से संबंधित अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी हासिल करेंगी।
वॉइस इंडिया के पहले विजेता पवनदीप राजन की बहन हैं ज्योति
निर्माता निर्देशक बीसी चौबदार के निर्देशन में अभिनय करेंगी
युवाओं-बच्चों के आइकन बने पवन, ज्योति
चंपावत। जिला मुख्यालय के तल्ली चौकी निवासी पवनदीप राजन, ज्योति इन दिनों युवाओं, बच्चों के आइकन बने हैं। चंपावत जैसे छोटे उपनगर से निकल कर अपने शहर का नाम रोशन कर रहे पवनदीप ज्योति की देखादेखी अन्य युवा, किशोर भी गायन, अभिनय के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाएं तलाशने लगे हैं।