लोहाघाट (चंपावत)। नगर के हथरंगिया स्थित हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल हजरत कालू सैय्यद बाबा की मजार में 11 मई से शुरू होने वाले तीन दिनी उर्स की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न स्थानों से जायरीनों का आने का क्रम शुरू हो गया है। वक्फ बोर्ड के जिला सदर बाबा हसमत हुसैन ने बताया कि 11 मई नाते पाक पढ़ने के साथ उर्स शरीफ का आगाज होगा।
उन्होंने बताया कि 12 मई को शाम पांच बजे बाबा हसमत के दौलत खाने से चादरपोशी का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जो स्टेशन बाजार, खड़ी बाजार, चौक बाजार, मीनाबाजार होते हुए हथरंगिया स्थित मजार में पहुंचेगा। रात आठ बजे से खटीमा से आने वाले मसहूर सूफियाना कव्वाल अपना कलाम पेश करेंगे। 13 मई को कुलशरीफ के साथ उर्स का समापन होगा।
इस दौरान जायरीनों की खिदमत में रात भर लंगर चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि जायरीनों को किसी भी किस्म की परेशानी न हो, इसके लिए कमेटी के सदस्य व्यवस्था में अभी से जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़, पीलीभीत, खटीमा, टनकपुर, जौलजीबी, धारचूला, अल्मोड़ा, रानीखेत, हल्द्वानी और यूपी से जायरीनों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। उर्स को भव्य बनाने के लिए हर वर्ग के लोगों का सहयोग मिल रहा है। कमेटी के सदस्य डॉ.योगेश चतुर्वेदी, संरक्षक भूपाल सिंह मेहता, बल्लू माहरा, जावेद यार खां, रहीश हुसैन, असलम कुरेशी, नाजिश हुसैन, नजर सिद्दीकी, जोली जावेद, जाहिद सिद्दीकी, जहीर कुरेशी, राशिद सिद्दीकी, निस्सू खान आदि जुटे हुए हैं।