टनकपुर (चंपावत)। पुलिस, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से परिवहन विभाग 23 अप्रैल से सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। इसके लिए विभाग ने कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रश्मि भट्ट ने बताया कि 23 अप्रैल को रोडवेज परिसर में चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने के साथ ही टनकपुर में सड़क सुरक्षा रैली निकाली जाएगी। 24 को ठुलीगाड़ में और 25, 26 अप्रैल को बस्तिया में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर चालकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। 25 अप्रैल को चंपावत में सड़क सुरक्षा रैली निकाली जाएगी। 26 को रोडवेज बस स्टेशन, 27 को टनकपुर, 28 अप्रैल को चंपावत क्षेत्र के विद्यालयों में चित्रकला, निबंध, स्लोगन आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 23 से 30 अप्रैल तक बैनर्स, पर्चों के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी।