टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग में स्वांला के पास हुई जीप दुर्घटना में मारे गए मडलक बगोटी गांव के युवाओं के परिजनों ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अल्मोड़ा में हुए बस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के बराबर दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग की है।
सोमवार को दुर्घटना में मृतक किशोर चंद्र पांडेय के पिता जगदीश चंद्र पांडेय और गौरव पांडेय की माता ईश्वरी देवी ने ज्ञापन देकर कहा कि सात फरवरी को स्वांला में उनके पुत्रों की जीप दुर्घटना में मौत हो गई थी। दोनों ही युवा अपने अपने परिवारों के कमाऊ व्यक्ति थे। अब परिवार के सामने भरण पोषण की समस्या पैदा हो गई है। सरकार की और से दोनों मृतक आश्रितों को एक-एक लाख रुपया राहत सहायता राशि देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि 13 मार्च को अल्मोड़ा क्षेत्र में में बस दुर्घटना के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों के आश्रितों को मुख्यमंत्री की ओर से दो-दो लाख रुपया देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि किशोर के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा मृतक की पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। वहीं, गौरव के परिवार में एक बूढ़ी मां और दादी है। दोनों परिवार के आश्रितों ने कहा कि सरकार ने उनके नाम पर एक लाख और अन्य जगह पर दो-दो लाख की घोषणा करके उनके साथ भेदभाव किया है।