चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने आधार कार्ड के आधार पर 13 साल पूर्व लापता हुए रीठासाहिब के युवक को सकुशल राजस्थान से ढूंढ कर लाने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने रीठासाहिब के थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, एसओजी और सर्विलांस से जुड़े अन्य जवानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
रीठासाहिब क्षेत्र के प्रेम सिंह पुत्र स्वर्गीय उमेद सिंह वर्ष 2005 में हल्द्वानी से लापता हो गया था। इसके बाद बीते वर्ष दिसंबर में डाक से प्रेम सिंह का आधार कार्ड परिजनों को मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। रीठासाहिब पुलिस और एसओजी की टीम ने पांच फरवरी को उसे जयपुर राजस्थान से सकुशल बरामद कर परिजनों से मिला दिया। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रेम सिंह के चाचा प्रताप सिंह ने थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह के अलावा एसओजी के भूपाल सिंह, कांस्टेबल मानवेंद्र सिंह और सद्दाम हुसैन को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।