बनबसा (चंपावत)।
लोहियाहेड पावर हाउस प्रशासन ने मरम्मत कार्य के लिए 9 से 25 नवंबर तक शारदा नहर की जलापूर्ति बंद कराई थी। इसके बाद 26 नवंबर से नहर में पानी छोड़ा जाना तय था, लेकिन अब 27 नवंबर को यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता के निरीक्षण के बाद ही नहर में जलापूर्ति होगी। इसके बाद ही लोहियाहेड पावर हाउस का विद्युत उत्पादन फिर शुरू होने की संभावना है। फिलहाल ग्रिड से वैकल्पिक की बिजली व्यवस्था की गई है।
मरम्मत कार्य के चलते लोहियाहेड पावर हाउस प्रशासन ने नौ नवंबर से शारदा नहर में पानी की सप्लाई बंद कराई थी। इसके तहत यूपी सिंचाई विभाग के शारदा हेडवर्क्स ने नहर की जलापूर्ति पूरी तरह से बंद कर दी थी। शारदा बैराज के अटैंडेंट जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों यूपी में भी पानी की जरूरत नहीं पड़ती है, इस कारण नहर में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी गई थी। शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि पहले 26 नवंबर को शारदा नहर की जलापूर्ति की जानी थी, लेकिन अब 27 नवंबर को यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा शारदा बैराज, हेड रेगुलेटर और नहर का निरीक्षण करने के बाद ही नहर में पानी सप्लाई शुरू की जा सकेगी। इन दिनोें शारदा बैराज के गेट खोलकर पूरा पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
वैसे इन दिनों शारदा नदी का जलस्तर भी लगातार कम होने लगा है। 9 नवंबर को नदी का जलस्तर 5800 क्यूसेक था, जो शनिवार को 4968 क्यूसेक रह गया है। नहर में पानी निकासी बंद होने के दिन लोहियाहेड में 28 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा था।